कुशीनगर में आभूषण की दुकान से लाखों की चोरी, 6.5 किलो चांदी व 25 ग्राम सोना ले उड़े चोर।

0
image_editor_output_image786217493-1771309433854.jpg
Spread the love

धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश

∆ अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के तिनहवा चौराहे पर आभूषण की दुकान में लाखों की चोरी!

∆ चोरों ने 6.5 किलो चांदी, 25 ग्राम सोना और 4500 रुपये नगदी पर किए हाथ साफ!

∆ छत के रास्ते सीढ़ी का दरवाजा खोल दुकान में घुसे शातिर चोरों ने की चोरी!

∆ दुकान के मालिक दुर्गेश वर्मा को तिजोरी की चाबी दुकान में छोड़ना पड़ा भारी!

∆ सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासे का किया दावा!

कुशीनगर जिले में अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के तिनहवा चौराहे पर सोमवार रात अज्ञात चोरों ने एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान के पीछे छत के रास्ते अंदर घुसे और साढ़े छह किलो चांदी, 25 ग्राम सोना तथा 4500 रुपये नगद चोरी कर ले गए।
दुकान दुर्गेश वर्मा पुत्र राम समुझ वर्मा निवासी भलुही की है, जो तिनहवा चौराहे पर सोने-चांदी का व्यवसाय करते हैं। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब पांच बजे दुकान बंद कर वह हाटा जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर होने के कारण वापस घर लौट गए। इसी बीच रात में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे को खोलते हुए अंदर दाखिल हुए। दुकानदार के अनुसार, तिजोरी की चाबी गलती से दुकान में ही रह गई थी, जिससे चोरों को आसानी हो गई।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुर्गेश वर्मा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक अतुल कुमार बिंद, कांस्टेबल मनोज यादव व देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना अध्यक्ष प्रवींद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed