कुशीनगर : मणिपुर में तैनात राइफलमैन ओमप्रकाश गुप्ता का निधन, आज सैनिक सम्मान के साथ पुरैनी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ दिल्ली में इलाज के दौरान तोड़ा दम, गांव में शोक की लहर!
∆ सेना की टुकड़ी ने दी अंतिम सलामी, राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा पार्थिव शरीर!
∆ सैकड़ों लोगों की नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई!
∆ जन-प्रतिनिधियों व पूर्व सैनिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि!
रामकोला, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के रामकोला थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरैनी के टोला विजयपुर निवासी राइफलमैन ओमप्रकाश गुप्ता (52 वर्ष) का निधन हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह मणिपुर-म्यांमार के दुर्गम क्षेत्र में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए दिल्ली लाया गया, जहां सोमवार रात्रि 9 फरवरी को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर सेना के संरक्षण में उनके पैतृक गांव पुरैनी लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव की आंखें नम हो उठीं।
पुरैनी नदी घाट पर पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान सेना के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज अर्पित करते हुए अंतिम सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में राइफलमैन बिजेंद्र कुमार, पूर्व सैनिक पारस नाथ गुप्ता, एसएसबी, एनसीसी एवं पूर्व सैनिक अधिकारी सहित पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह, द्विग्विजय सिंह, राजेश प्रताप राव, बंटी राव, भगवन्त यादव, पूर्व प्रधान समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
राइफलमैन ओमप्रकाश गुप्ता का जीवन देश सेवा को समर्पित रहा। उनकी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को क्षेत्रवासी हमेशा याद रखेंगे। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।