दबिश से लौट रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से भिड़ी, उपनिरीक्षक की मौत, पांच पुलिस कर्मी घायल।
डेस्क, आपकी आवाज़ न्यूज़, उत्तर प्रदेश
∆ महराजगंज में देर रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना!
∆ गोरखपुर लौटते समय अनियंत्रित हुई पुलिस स्कॉर्पियो!
∆ रामगढ़ताल थाने में तैनात उप-निरीक्षक की हुई मौत!
∆ महिला सब-इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल!
∆ तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी, जांच में जुटा प्रशासन!

महराजगंज। दबिश की कार्रवाई पूरी कर वापस लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी सोमवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरारी चौकी के समीप पुलिस की स्कॉर्पियो अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में एक उपनिरीक्षक की मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, टीम कुशीनगर जनपद में कार्रवाई कर गोरखपुर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में रामगढ़ताल थाने में तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, महिला उपनिरीक्षक गीता सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।