पिपरा बाजार : विशेष शिविर के छठे दिन स्वच्छता व सर्व शिक्षा अभियान की रही गूंज, एनएसएस स्वयंसेवकों ने संभाली जन-जागरूकता की कमान।

0
image_editor_output_image97441888-1769652994189.jpg
Spread the love

धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश

∆ एनएसएस विशेष शिविर के छठे दिन स्वच्छता और शिक्षा को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान!

∆ महारानी दुर्गावती व स्वामी विवेकानंद इकाइयों के स्वयंसेवकों ने चलाया श्रमदान व घर-घर संपर्क!

∆ वरिष्ठ चिकित्सक पी.एन. राय बोले—स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत का सपना साकार होता है!

∆ प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार पांडेय ने स्वयंसेवकों को बताया ‘स्थानीय जन सैनिक’!

∆ अंत्याक्षरी व कवि सम्मेलन से शिविर का माहौल बना उत्साहपूर्ण व मनोरंजक!

पिपरा बाजार, कुशीनगर।
किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों द्वारा संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस पर स्वच्छता एवं सर्व शिक्षा अभियान को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गांवों में उतरकर स्वच्छता का संदेश दिया और शिक्षा के महत्व को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
एनएसएस की महारानी दुर्गावती इकाई द्वारा ग्राम पिपरा बाजार के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम सचिवालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित गांव के विभिन्न संपर्क मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.एन. राय ने की। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता का सीधा संबंध व्यक्ति के स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण और आर्थिक उन्नति से है। इसके सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव अत्यंत व्यापक हैं, जो विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे।” उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए श्रमदान की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। वहीं दूसरी ओर स्वामी विवेकानंद इकाई के स्वयंसेवकों ने ग्राम बहोरा रामनगर एवं श्री चौरा बाबा स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कोषाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र ने की। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि “छात्र-छात्राएं ही भारत के भविष्य के कर्णधार हैं। इनके माध्यम से समाज में फैल रही जागरूकता अत्यंत सराहनीय है। स्वच्छता अपनाकर व्यक्ति अनावश्यक चिकित्सकीय खर्च से बच सकता है, जिससे व्यक्तिगत और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर उन्नति संभव है।”

इस अवसर पर दोनों एनएसएस इकाइयों की टोलियों ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को शिक्षा का महत्व बताया और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र एवं योगेन्द्र यादव ने स्वयंसेवकों को अभियान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
मध्यान्ह भोजन के उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा अंत्याक्षरी एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिससे शिविर का वातावरण अत्यंत उत्साहवर्धक और मनोरंजक बना रहा।
दिवस के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार पांडेय ने स्वयंसेवकों को भारतीय सेना के सैनिकों की तरह स्थानीय स्तर पर राष्ट्रसेवा करने वाला “जन सैनिक” बताते हुए 24 घंटे समाजसेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
वहीं डॉ. विष्णु प्रताप चौबे ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवक युद्ध, आपातकाल, महामारी, बाढ़, भीड़ नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे देश के साथ-साथ स्वयंसेवकों का भी सर्वांगीण विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शिवेंद्र कुमार चौबे, चंद्रभूषण पांडेय, अरुंधति दुबे, मुन्ना कुमार, रानी मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्थानीय ग्राम प्रधानों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed