कुशीनगर : पेनाल्टी गोल से मंसाछापर पर भारी पड़ा मेहा देवरिया, विद्यार्थी फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में बनाई जगह।
डेस्क, आपकी आवाज़ न्यूज़, कुशीनगर
∆ बटलोहिया खेल मैदान पर खेला गया विद्यार्थी फुटबॉल स्पोर्टिंग क्लब का पहला सेमीफाइनल!
∆ मदनी क्लब मेहा देवरिया ने स्टार फुटबॉल क्लब मंसाछापर को 1–0 से हराया!
∆ पहले हाफ में दोनों टीमें रहीं गोलरहित, दूसरे हाफ में पेनाल्टी से हुआ फैसला!
∆ सपा नेता हसमुद्दीन अंसारी ने किया मैच का उद्घाटन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह!
∆ आयोजक बिंदु यादव ने सभी आगंतुकों व खिलाड़ियों के प्रति जताया आभार!

तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। 24 जनवरी
फाजिलनगर विकासखंड के ग्राम सभा रुदवलिया स्थित बटलोहिया खेल मैदान पर विद्यार्थी फुटबॉल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में खेला गया। यह मुकाबला मदनी क्लब मेहा देवरिया एवं स्टार फुटबॉल क्लब मंसाछापर कुशीनगर के बीच हुआ, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद मेहा देवरिया ने मंसाछापर को 1–0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
रविवार दोपहर बाद शुरू हुए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया। पहले हाफ तक दोनों टीमें कई अवसर मिलने के बावजूद गोल करने में असफल रहीं और स्कोर 0–0 बना रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मेहा देवरिया की टीम को एकमात्र पेनाल्टी का मौका मिला, जिसे खिलाड़ियों ने सफलता पूर्वक गोल में तब्दील कर बढ़त बना ली। इसके बाद मंसाछापर की टीम ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन मेहा देवरिया की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे वह कोई गोल नहीं कर सकी। निर्धारित समय समाप्त होने पर मेहा देवरिया ने 1–0 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

इससे पूर्व मैच का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हसमुद्दीन अंसारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में कभी अत्यंत लोकप्रिय रहे फुटबॉल खेल को पुनः स्थापित करने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से भविष्य में बाइचुंग भूटिया, लियोन मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे, जो क्षेत्र के साथ-साथ देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सपा नेता विजय यादव, संतोष यादव यदुवंशी, ग्राम प्रधान विपिन सिंह, फुलकुंवर यादव, डॉ. सत्येंद्र पांडेय, राजेश सिंह और असलम अली सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच में रेफरी की भूमिका पंकज यादव, रजनीश यादव एवं नीरज कुशवाहा ने निभाई।
प्रतियोगिता के आयोजक बिंदु यादव ने सभी आगंतुकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अमरेश यादव, रंजीत कुशवाहा, संजीव मौर्या, राजकुमार यादव, जगदीश यादव, संतराज यादव, नंदकिशोर वर्मा, संतोष यादव, पप्पू कुशवाहा, गोरख वर्मा, संदीप यादव, धर्मनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।