पडरौना नगर में भव्य दीपोत्सव और महालक्ष्मी पूजन सम्पन्न।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्युरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ नगर में जगमगाए दीप, उमड़ा श्रद्धा और उल्लास का सागर!
∆ नगरपालिका कार्यालय में दीपों की जगमगाहट, महालक्ष्मी पूजन में उमड़ी श्रद्धा!
∆ अध्यक्ष विनय जायसवाल ने किया दीप प्रज्वलन — नगर की खुशहाली और प्रगति की कामना!
∆ “दीपावली का पर्व स्वच्छता और सद्भाव का प्रतीक” — विनय जायसवाल!
∆ पडरौना नगर हुआ आलोकित, घर-घर सजी लक्ष्मी आराधना की थालियाँ!
∆ जन-जन ने लिया संकल्प — स्वच्छ और सुंदर पडरौना बनेगा मिसाल!

पडरौना 22 अक्टुबर 2025 पडरौना। दीपों के पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर बुधवार को नगर पालिका कार्यालय (जलकर भवन परिसर) में भव्य महालक्ष्मी पूजन एवं दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और पुष्प सज्जा से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और आलोकित हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनय जायसवाल ने विधिवत पूजन-अर्चन कर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और मां सरस्वती की आराधना के साथ किया। पूजा के दौरान शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चारण से वातावरण पवित्र हो गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा —
“दीपावली का यह पावन पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ समाज और नगर के विकास में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।”
पूजन उपरांत उन्होंने उपस्थित जनों के साथ दीप प्रज्वलित कर नगर की सुख-समृद्धि, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। तत्पश्चात श्री जायसवाल नगर भ्रमण पर निकले और नागरिकों, मातृशक्ति, व्यापारी वर्ग, युवाओं और बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने नगरवासियों से अपील की —
“दीपावली केवल उत्सव नहीं, यह स्वच्छता, सौहार्द और सद्भाव का प्रतीक है। आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ और सुंदर पडरौना के निर्माण का संकल्प लें।”
पूरे नगर में दीपावली का पर्व उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। घर-घर दीपों की ज्योति से नगर जगमगा उठा और मां लक्ष्मी के स्वागत में हर द्वार पर रोशनी बिखरी रही।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, अशोक अग्रवाल, अमित तिवारी, अरुण सिंह, सन्नी मिश्रा, रितेश जायसवाल, आर्यन शर्मा, महेश पांडेय, राजेश जायसवाल, आकाश वर्मा, अनिल पांडेय, सतेंद्र यादव, राजेश कुशवाहा, सचिन साहा, भोला साहा, विनय मद्धेशिया, ऑंसू जायसवाल, विजय शर्मा, बड़े मद्धेशिया, केदार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर में दीपों की झिलमिल रोशनी और भक्ति-भाव से ओतप्रोत माहौल ने इस वर्ष की दीपावली को विशेष और अविस्मरणीय बना दिया।