कुशीनगर में विजय दिवस का भव्य आयोजन, देशभक्ति के रंग में रंगा पडरौना नगर।

0
image_editor_output_image1460712839-1765893430924.jpg
Spread the love

धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश

🟠 अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के तत्वावधान में विजय दिवस समारोह संपन्न!
🟢 1971 भारत–पाक युद्ध की ऐतिहासिक जीत और 93 हजार पाक सैनिकों के आत्मसमर्पण को किया गया नमन!
🔵 विजय जुलूस में गूंजे “भारत माता की जय” और “भारतीय सेना जिंदाबाद” के नारे!

🔴 ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह बोले—1971 का युद्ध सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय!
🟣 नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने पूर्व सैनिकों व शहीद परिवारों के प्रति जताई कृतज्ञता!
🟡 वीर पूर्व सैनिकों और शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान, भावुक हुआ जनसमूह!

विजय जुलूस में आज जनसैलाब देखने को मिला, हर कदम पर तिरंगा झण्डा भी लहराते दिखा! वहीं ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह का प्रेरक संबोधन, युवाओं से देश सेवा का आह्वान किया! पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं के भव्य सम्मान से पूरा परिसर भावुक हो गया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प के साथ ये वृहद समारोह संपन्न हुआ, जिससे आज का विजय दिवस यादगार बन गया।

पडरौना (कुशीनगर)। 16 दिसम्बर 2025
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कुशीनगर के तत्वावधान में 16 दिसंबर 2025 को विजय दिवस का भव्य, गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन नगरपालिका परिषद पडरौना के जलकल भवन परिसर में संपन्न हुआ। यह दिवस वर्ष 1971 के भारत–पाक युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय तथा 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण की स्मृति में पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विजय जुलूस से हुई, जो जलकल भवन से प्रारंभ होकर कोतवाली रोड, तिलक चौक, मेन रोड, विवाह भवन गली, नौका टोला, रामकोला रोड होते हुए सुभाष चौक से गुजरकर पुनः जलकल भवन परिसर में संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान “भारत माता की जय”, “भारतीय सेना जिंदाबाद” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

समारोह के दौरान राष्ट्रगान गाया गया तथा शहीदों को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए 1971 के युद्ध की गौरवगाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पी. एन. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 1971 का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसमें भारतीय सेना ने उत्कृष्ट नेतृत्व, रणनीतिक कौशल और अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तान को निर्णायक पराजय दी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर देशसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि भारतीय सेना के त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के प्रति समाज की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में वीर पूर्व सैनिकों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनके योगदान और बलिदान को नमन किया। यह अवसर भावुकता और गर्व से ओतप्रोत रहा।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के संकल्प के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, मातृ संगठन की महिलाएं तथा सैकड़ों की संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed