गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी ने दिवंगत पत्रकार विवेक अस्थाना के परिजनों से की आत्मीय भेंट, ₹5 लाख की सहायता प्रदान।
डेस्क, आपकी आवाज़ न्यूज़, उत्तर प्रदेश
∆ श्री गोरखनाथ मंदिर में शोकाकुल परिवार से मिले मुख्यमंत्री, व्यक्त की गहन संवेदनाएं!
∆ मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता, परिवार को बंधाया ढांढस!

गोरखपुर। 08 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज श्री गोरखनाथ मंदिर में जनपद गोरखपुर निवासी दिवंगत पत्रकार श्री विवेक अस्थाना जी के परिजनों से आत्मीय भेंट कर अपनी गहन शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और दिवंगत पत्रकार का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने परिवार की पीड़ा को समझते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता का चेक परिजनों को प्रदान किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से परिजनों को भावनात्मक संबल मिला और उन्होंने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान श्री गोरखनाथ मंदिर परिसर में शोक और संवेदना का वातावरण बना रहा।