कुशीनगर : होली पर्व पर पडरौना में भगवान श्री नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत।
रिपोर्ट – धनंजय कुमार पाण्डेय, कुशीनगर
∆ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में निकली भगवान श्री नरसिंह जी की आकर्षक शोभायात्रा!
∆ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा वातावरण!
∆ जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत!
∆ सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता से सनातन संस्कृति और एकता का संदेश!
पडरौना । होली के पावन एवं हर्षोल्लासपूर्ण अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पडरौना के तत्वावधान में भगवान श्री नरसिंह जी की भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा नगर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में नगर के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
शोभायात्रा का शुभारंभ जूनियर हाई स्कूल प्रांगण से विधि-विधान के साथ भगवान श्री नरसिंह जी की पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात शोभायात्रा कसेरा टोली, शिवाला चौक, लोहिया हाता, जटहा मोड़, छूछिया गेट, तिलक चौक, सेंट्रल बैंक रोड, नौका टोला रोड होते हुए सुभाष चौक से गुजरते हुए पुनः जूनियर हाई स्कूल प्रांगण में पहुंचकर सम्पन्न हुई।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री नरसिंह जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं और नगरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया गया। आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला तथा पूरे नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा।
शोभायात्रा के सफल आयोजन में संघ के कार्यकर्ताओं, नगर के सम्मानित नागरिकों और युवाओं का विशेष योगदान रहा। सभी के सहयोग और सहभागिता से यह धार्मिक आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर अभय जी (जिला प्रचारक), पंकज (जिला कार्यवाह), नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, प्रेमचंद (नगर संघचालक), दीनानाथ (नगर कार्यवाह), रामाश्रय गौतम (सह नगर कार्यवाह), प्रदीप चाहाड़िया, अमरदीप बरनवाल, अजय सिंह, डॉ. धनंजय, सुनील गुप्ता, संतोष कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।