कुशीनगर : पूर्व विधायक प्रतिनिधि रमाकांत पाण्डेय का निधन, सामाजिक जगत में शोक की लहर।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ पूर्व विधायक प्रतिनिधि ने लखनऊ के केजीएमयू में उपचार के दौरान ली अंतिम सांस!
∆ स्व.श्री पाण्डेय ने दुदही विकास खण्ड क्षेत्र के सामाजिक व शैक्षिक कार्यों में निभाई थी अहम भूमिका।
∆ पनियहवा घाट पर ज्येष्ठ पुत्र अरविंद पाण्डेय ने दी मुखाग्नि।
∆ 11 जनवरी को ब्रह्मभोज का आयोजन, क्षेत्रवासियों से सहभागिता की अपील।
∆ शोकसभा में जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि।

दुदही/कुशीनगर
दुदही विकास खंड के दुमही गांव निवासी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि रमाकांत पाण्डेय का बुधवार को लखनऊ स्थित केजीएमयू अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बताया कि लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे रमाकांत पाण्डेय का इलाज के दौरान निधन हुआ। उनके बड़े पुत्र अरविंद पाण्डेय ने पनियहवा घाट पर विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
स्वर्गीय पांडेय जन शिक्षण संस्थान, भारत सरकार में पूर्व निदेशक रह चुके थे और सामाजिक व शैक्षिक क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। जन-सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सरल स्वभाव को लोग लंबे समय तक याद करेंगे।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आगामी 11 जनवरी को ब्रह्मभोज का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में आयोजित शोकसभा में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और समाज के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा में पूर्व विधायक डॉ.पी.के. राय, पारसनाथ सिंह, जयप्रकाश पांडेय, सतेन्द्र शुक्ल उर्फ गुड्डू, हरिगोविन्द मिश्र, पत्रकार मुन्ना मिश्र, संतोष तिवारी, बबलू तिवारी, जितेंद्र गुप्ता, धुरखेली बैठा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं परिजन उपस्थित रहे। सभी ने शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।