कुशीनगर : हाटा में दबंगों का तांडव—फल दुकानदार के घर घुसकर 75 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, दोनों हाथ टूटे, फरसे से सिर फाड़ा।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
🟣 नशे में उत्पात के बाद दबंगों ने घर में घुसकर बुजुर्ग पर किया था जानलेवा हमला!
🔴 स्टील रॉड और फरसे से वार, 75 वर्षीय वृद्ध के टूट चुके हैं दोनों हाथ!
🔵 महिलाओं से छेड़खानी और घर में जमकर तोड़फोड़, इलाके में दहशत!
🟢 दबंगों ने जाते-जाते दी है हत्या की धमकी, पीड़ित परिवार भय के साए में!
🟡 तहरीर के बावजूद कार्रवाई का इंतजार, पुलिस की भूमिका पर उठ रहे गंभीर सवाल।

हाटा/कुशीनगर 16 जनवरी 2026
कुशीनगर जनपद के थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र से दबंगई और बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लक्ष्मीपुर टोला रामकटोरी निवासी राणाप्रताप मद्धेशिया ने थाना कोतवाली हाटा में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोगों ने उनके 75 वर्षीय पिता पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे गांव के ही राहुल चौहान पुत्र सुरेश चौहान नशे की हालत में बालेश्वर चौराहे पर स्थित फल की दुकान पर मोटरसाइकिल की तेज लाइट और हार्न बजाकर उत्पात मचाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। चौराहे के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
लेकिन दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका। करीब 20 मिनट बाद आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ित के नहर स्थित घर पर पहुंचा और घर के अंदर सो रहे 75 वर्षीय लहबर मद्धेशिया पर स्टील रॉड, लोहे की रॉड और फरसे से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग के दोनों हाथ टूट गए, सिर पर फरसे से गंभीर वार किया गया, गले व चेहरे पर भी गहरी चोटें आईं। हालत नाजुक देख परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए ले गए।
आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गए। इतना ही नहीं, घर का सामान तोड़फोड़ कर नष्ट किया गया और घर की महिलाओं के साथ छेड़खानी व हाथापाई भी की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी मनबढ़ और गोलबंद किस्म के हैं, जिनसे परिवार को लगातार जान-माल का खतरा बना हुआ है।
पीड़ित राणाप्रताप मद्धेशिया ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई अप्रिय घटना न हो।
∆ दस दिन बाद भी कार्रवाई शून्य, वैश्य समाज में आक्रोश, पुलिस अधीक्षक से मिल कार्रवाई न होने पर, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
कुशीनगर जनपद के थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग पर हुए जघन्य हमले के दस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई न किए जाने से वैश्य समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार को न्याय न मिल पाने से समाज के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
घटना के संबंध में पूर्व में ही थाना कोतवाली हाटा में नामजद तहरीर दी जा चुकी है, जिसमें दबंग किस्म के लोगों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, महिलाओं से छेड़खानी, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके बावजूद अभी तक न तो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही पीड़ित परिवार को कोई सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
इसी को लेकर आज वैश्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कुशीनगर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। समाज के लोगों ने पुलिसिया कार्रवाई पर गहरा असंतोष जताते हुए कहा कि यदि इस तरह के गंभीर अपराधों में भी कार्रवाई नहीं होती है तो आम नागरिकों का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों के हौसले पुलिस की निष्क्रियता के कारण और बढ़ते जा रहे हैं।
वैश्य समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले में तत्काल सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वैश्य समाज सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता दिखाता है या फिर पीड़ित परिवार और समाज को न्याय के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।