कुशीनगर : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर विशुनपुरा ब्लॉक के विद्यालयों में बच्चों को खिलाई गई एलबेंडाजोल।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ विशुनपुरा ब्लॉक के सरकारी व निजी विद्यालयों में चला कृमि मुक्ति अभियान!
∆ सीएचसी मांसाछापर की चिकित्सकीय टीम ने बच्चों को कराई दवा सेवन प्रक्रिया!
∆ डॉ. जिशान के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ कार्यक्रम!
∆ स्वच्छता व स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर बच्चों को किया गया जागरूक!
∆ कृमि मुक्त बाल्यावस्था से स्वस्थ व सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश!

विशुनपुरा (कुशीनगर)। 10 फरवरी 2026
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर दिनांक 10 फरवरी को विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं दवा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस क्रम में नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज मांसाछापर, धर्मराज पाण्डेय इंटरमीडिएट कॉलेज चिरगोड़ा, जी.एन. पब्लिक स्कूल मांसाछापर सहित अन्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव हेतु कृमिनाशक दवा एलबेंडाजोल का सेवन कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन विशुनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांसाछापर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जिशान की देखरेख में किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की चिकित्सकीय टीम में शामिल बी.के., डॉ. विनोद सिंह, डॉ. शिप्रा मिश्रा एवं एएनएम मंजू भारती ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर बच्चों को निर्धारित मात्रा में दवा का सेवन कराया तथा कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
चिकित्सकीय टीम द्वारा बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, हाथ धोने की आदत, खुले में शौच से बचाव तथा संतुलित आहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षकगणों की सक्रिय, सहयोगपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही, जिससे अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका।
यह अभियान बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कृमि मुक्त बाल्यावस्था के माध्यम से स्वस्थ, सक्षम एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण का संदेश देते हुए यह कार्यक्रम क्षेत्र में प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।