कुशीनगर : मन की बात के 131वें एपिसोड का पडरौना में सामूहिक श्रवण, विकसित भारत 2047 का संकल्प दोहराया।
धनंजय कुमार पाण्डेय, आपकी आवाज़ न्यूज़, कुशीनगर
∆ नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में बड़े उत्साह के साथ हुआ लाइव प्रसारण!
∆ नरेंद्र मोदी ने अंगदान, एआई समिट, डिजिटल फ्रॉड और परीक्षाओं पर युवाओं को किया संबोधित!
∆ माघ अमावस्या, संगम स्नान और सनातन परंपराओं का किया उल्लेख!
∆ 2026 को नई उम्मीदों और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा!

पडरौना। नगरपालिका परिषद पडरौना में रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 131वां एपिसोड बड़े उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ सुना गया। कार्यक्रम का आयोजन नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में उनके आवास पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में अंगदान के महत्व, भारत में आयोजित एआई समिट, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड से सावधानी, आधुनिक खेती की दिशा में हो रहे नवाचार, माघ अमावस्या पर संगम स्नान की आध्यात्मिक महत्ता और सनातन संस्कृति की परंपराओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को भी स्मरण किया।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। उनकी ऊर्जा, नवाचार और सामाजिक चेतना भारत की प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बच्चों को परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही वर्ष 2026 को नई उम्मीदों, नए संकल्पों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम के रूप में देखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत अपने संबोधन में नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत अपनी स्वर्णिम यात्रा की ओर अग्रसर है। कृषि, रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और अंतरिक्ष जैसे विविध क्षेत्रों में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, बाबा सिद्धनाथ मंदिर के महंत श्री योगेश्वर नाथ जी, देवेश मिश्र, संतोष चौहान, अनिल पाण्डेय, सनी मिश्र, बबलू शर्मा, अभय मारोदिया, सर्वेश उपाध्याय, राजेश जायसवाल, ऋषिकेश सिंह, अभिनव चौरसिया, भास्कर पाठक, संदीप निगम, राहुल मद्धेशिया, काशी राजभर, अविनाश कसौधन, गौरव रौनियार, राजेश कुशवाहा, सुनील चौहान, केदार मद्धेशिया, गोरख गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।