कुशीनगर : BBK एकेडमी तमकुहीराज उद्घाटन को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ 7 फरवरी को प्रस्तावित BBK एकेडमी उद्घाटन समारोह की तैयारियों की प्रशासनिक समीक्षा!
∆ डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण!
∆ सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण व मूलभूत सुविधाओं पर दिया गया विशेष जोर!
∆ उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व भैयाजी जोशी के संभावित आगमन से बढ़ी सतर्कता!
∆ कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व गरिमामय बनाने के लिए सभी विभागों को निर्देश जारी!

तमकुहीराज स्थित BBK एकेडमी के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह दिनांक 07 फरवरी 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। समारोह की तैयारियों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, पार्किंग तथा आपातकालीन चिकित्सीय सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्घाटन समारोह में सामान्य जन के साथ-साथ विशिष्ट अतिथियों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना को समाप्त करने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु डायवर्जन प्लान, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं की स्पष्ट व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इस उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भैयाजी जोशी सहित अन्य विशिष्ट जनों के प्रतिभाग करने की संभावना है, जिसके दृष्टिगत प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि आयोजन को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए मंच सज्जा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथि सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।