यूपी : काली थार के लिए 4 बच्चों की काली करतूत, रील्स देख लगा दी पड़ोसी के यहां 20 लाख की सेंध

0
image_editor_output_image-1388403123-1769917990758.jpg
Spread the love

डेस्क, आपकी आवाज़ न्यूज़, उत्तर प्रदेश

बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्हें काले रंग की थार गाड़ी बहुत पसंद थी. वो अक्सर रील्स में उसे देखा करते थे. इसी को खरीदने के लिए उन्होंने पड़ोसी के यहां से 20 लाख रुपये चुरा लिए।

ग्रेटर नोएडा: सोशल मीडिया और रील्स आजकल के बच्चों के दिलोदिमाग को किस कदर जकड़ रही हैं, इसका ताजा उदाहरण ग्रेटर नोएडा में देखने को मिला है. यहां रील्स देखते-देखते 4 नाबालिग लड़कों पर ‘स्टेटस सिंबल’ बन चुकी एक कार का जुनून इस कदर सवार हुआ कि उन्होंने पड़ोसी के घर में 20 लाख रुपये की सेंध लगा दी. लेकिन अपने दिमागी फितूर को हकीकत बनाने के लिए उनकी लिखी चोरी की स्क्रिप्ट ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई और पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

जमीन बेचकर जुटाए थे 20 लाख रुपये

जेवर के रहने वाले पार्श्व पुत्र त्रिलोक ने शुक्रवार को पुलिस में रिपोर्ट लिखाई थी कि उनके घर से 20 लाख रुपये किसी ने चोरी कर लिए हैं. ये रुपये उन्हें जमीन बेचकर मिले थे. इसे उन्होंने अलमारी में रख दिए थे. वह कुछ देर के लिए बाहर चले गए, वापस आए तो रुपये गायब थे. उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और बताया कि घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था।

CCTV की मदद से धरे गए पड़ोसी बच्चे

पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू की. घर के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले. इसमें 4 लड़के नजर आए. इसके बाद पुलिस ने जावल ऋषि रोड के पास से चारों बच्चों को पकड़ लिया. उनके पास से 20 लाख रुपये भी बरामद हो गए. चारों नाबालिग लड़के पड़ोस के ही रहने वाले हैं। 

दीवार फांद घुसे और रुपये लेकर चंपत

इसी बीच उन्हें पता चला कि पड़ोसी के घर में 20 लाख रुपये रखे हैं. चारों में से एक लड़का पड़ोसी के घर आता-जाता रहता था. उसी ने देखा कि अलमारी में 20 लाख रुपये रखे हैं. फिर क्या था, उन्होंने योजना बनाई. घर पर नजर रखने लगे. जब घर पर कोई नहीं था, वो दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 20 लाख रुपये लेकर चंपत हो गए।

पुलिस के सामने कबूला जुर्म

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि जेवर पुलिस ने चोरी की सूचना मिलने पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. उसके बाद से चारों बच्चों को पकड़ा. पुलिस ने संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ बच्चों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed