पिपरा बाजार : एनएसएस विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट का भव्य शुभारंभ, स्वयंसेवकों ने लिया स्वस्थ समाज निर्माण का संकल्प।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार में एनएसएस विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम का आयोजन!
∆ मुख्य अतिथि अश्विनी कुमार पांडेय ने युवाओं को संस्कार व स्वास्थ्य का बताया महत्व।
∆ डॉ.विष्णु प्रताप चौबे ने बढ़ती जीवनशैली जनित बीमारियों पर जताई चिंता!
∆ स्वयंसेवकों को टोलियों में बांटकर गांव-गांव जागरूकता अभियान का निर्देश!
∆ योगाभ्यास व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के होने से कार्यक्रम का बढ़ा आकर्षण!

पिपरा बाजार, कुशीनगर। 25 जनवरी
किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार कुशीनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम स्वामी विवेकानंद एवं इकाई द्वितीय महारानी दुर्गावती के तत्वावधान में आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को अनुशासित एवं प्रेरणादायक बना दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट गाइड एवं प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार पांडेय ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवावस्था सौंदर्य, साहस और ऊर्जा का प्रतीक होती है, जिसका मूल आधार संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि इस अवस्था में जो संस्कार एवं आदतें विकसित होती हैं, वही आगे चलकर व्यक्ति के संपूर्ण जीवन को दिशा प्रदान करती हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अनिवार्य है, जिसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी।
मुख्य वक्ता डॉ. विष्णु प्रताप चौबे ने कहा कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खानपान के कारण मोटापा, उच्च रक्तचाप, थायराइड और मधुमेह जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जो अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी आम होती जा रही हैं। उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से समाज को जागरूक करने पर बल देते हुए योगाभ्यास, संतुलित आहार एवं जंक फूड से दूरी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र ने स्वयंसेवकों को विभिन्न टोलियों में विभाजित कर चिन्हित गांवों में जाकर फिट इंडिया मूवमेंट की जानकारी देने एवं ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर फिजा खातून, प्रज्ञा मिश्रा, गुड़िया मिश्रा एवं चांदनी ने अपनी-अपनी टोलियों के स्वयंसेवकों को हल्के योगाभ्यास भी कराए।
मध्यान्ह अवकाश में जलपान के पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में योगेन्द्र यादव, चंद्रभूषण पांडेय, अरुंधति दुबे, रानी मिश्रा, धीरज, सिकंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन फिट रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ किया गया।