पडरौना/कुशीनगर : “श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा पर्व पर गुलेलहा में भक्ति का सैलाब, भजन-कीर्तन के साथ हुआ विशाल प्रसाद भोज”
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ पौराणिक श्री नाथ जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का भव्य आयोजन!
∆ खंडहर होते मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प, युवाओं ने संभाली जिम्मेदारी!
∆ समाजसेवा की मिसाल बने इंजीनियर निरंजन मिश्र, किया सम्पूर्ण व्यय वहन!
∆ सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गूंजे जय श्रीराम के उद्घोष!

पडरौना (कुशीनगर)। 22 जनवरी 2026
अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा दिवस के पावन अवसर पर ग्राम सभा गुलेलहा स्थित पौराणिक श्री नाथ जी मंदिर में भक्ति, आस्था और उत्साह से परिपूर्ण भजन-कीर्तन एवं प्रसाद भोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा श्री नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर रामभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और नाथ परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

बताया जाता है कि यह श्री नाथ जी मंदिर नाथ संप्रदाय से जुड़ा एक पौराणिक मंदिर है, जो वर्तमान समय में जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है और खंडहर में तब्दील होने के कगार पर है। मंदिर की यह स्थिति देख गांव के नवयुवक एवं समाजसेवी डॉ. धनंजय मिश्र ने भजन-कीर्तन कार्यक्रम के पश्चात मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि गांव की आस्था और विरासत को बचाने के लिए समाज के सहयोग से शीघ्र ही मंदिर के निर्माण की योजना बनाई जाएगी।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का सम्पूर्ण व्यय गुलेलहा ग्राम प्रधान प्रत्याशी इंजीनियर निरंजन मिश्र द्वारा वहन किया गया, जिसकी उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। लोगों ने इसे समाजसेवा और धार्मिक चेतना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में सह विभाग कार्यवाह रवि कीर्ति, रत्नेश पाण्डेय, नगर कार्यवाह दीनानाथ, प्रदीप गोयल, इंद्रमणी, रामाश्रय, प्रांत सह गौ सेवा प्रमुख फूलबदन, रवि सिंह, अधिवक्ता अनिल ठाकुर, महंत सच्चिदानंद उपाध्याय, महेंद्र दुबे, सतीश शुक्ल, राजकुमार मिश्र, रत्नेश्वर उर्फ बड़े मिश्र, प्रवीण मिश्र, ज्ञानेश्वर, अमितेंद्र, जितेंद्र मिश्र, मुकेश, आशीष मिश्र, कार्तिकेय, विश्वजीत, अमन, अजीत, अंकुर, अश्वनी, बिट्टू, निकुंज, प्रमोद पांडे, मनोज पांडे, शैलेंद्र पांडे, विहिप अध्यक्ष मुकेश त्रिपाठी, नीरज गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि गांव की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक नई चेतना भी जागृत की।