कुशीनगर निवासी डॉ.पी.के.प्रजापति को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, अमेरिका की ग्लोबल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने दी मानद डॉक्टरेट की उपाधि।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ अमेरिका की प्रतिष्ठित ग्लोबल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने डॉ. पी के प्रजापति को ऑर्थोपेडिक क्षेत्र में दिया सम्मान।
∆ राजेन्द्र भवन दिल्ली में, अंतरराष्ट्रीय विद्वानों की मौजूदगी में भव्य समारोह।
∆ इंडोनेशिया, श्रीलंका व अमेरिका से आए शिक्षाविदों ने दी डॉ. प्रजापति को बधाई।
∆ कुशीनगर जनपद के लिए गौरव का क्षण, क्षेत्र में खुशी की लहर, लोगों ने डॉ.पी के प्रजापति से मिलकर दी बधाइयाँ।
∆ चिकित्सा व समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुआ सम्मान।

कुशीनगर जनपद के पिपरा जटामपूर, कुबेरस्थान निवासी डॉ. पी.के. प्रजापति को चिकित्सा जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका स्थित “ग्लोबल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी” द्वारा उन्हें “डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी” इन ऑर्थोपेडिक (मानद डॉक्टरेट) की उपाधि प्रदान की गई।
यह सम्मान समारोह दिनांक 15 जनवरी 2026, दिन बृहस्पतिवार को देश की राजधानी दिल्ली में स्थित राजेन्द्र भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अंतरराष्ट्रीय मंच से आए विद्वानों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी।

समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद इंडोनेशिया से पधारे रसाचार्य डॉ.आई.मेड धर्मयाशा रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ.सौरभ पाण्डेय (मानद कुलपति, जगत धर्म धरा-धाम विश्व व सद्भाव पीठ), प्रो.देवेश कुमार मिश्र (आचार्य संस्कृत एवं मानवीकी पीठ प्रमुख, इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी, दिल्ली) तथा डॉ.नारायण यादव (निदेशक, एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, श्रीलंका) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनरल सर प्रोफेसर डॉ.जसवीर सिंह (संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के आधिकारिक प्रतिनिधि), श्री इन्द्रजीत शर्मा (अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद् व हिन्दी संवर्धक, न्यूयॉर्क), डॉ. शंभू पवार, अंतरराष्ट्रीय पत्रकार डॉ.इस्लाम मलिक मवाना ( उत्तर प्रदेश ) एवं देवनागरी फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव डॉ.सुनील कुमार दुबे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ.पी.के. प्रजापति को इस अवसर पर ढेर सारी शुभकामनाएं एवं बधाईयां दीं।

अंतरराष्ट्रीय विद्वानों ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.पी.के. प्रजापति ने ऑर्थोपेडिक चिकित्सा के क्षेत्र में न केवल उत्कृष्ट कार्य किया है, बल्कि समाजसेवा और मानव कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी प्रशंसनीय रही है। उनका यह सम्मान न सिर्फ उनके व्यक्तिगत जीवन की उपलब्धि है, बल्कि कुशीनगर जनपद और उत्तर प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ.पी.के. प्रजापति ने इस उपलब्धि को अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि “यह सम्मान उन्हें आगे भी मानव सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा”। समारोह के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।