कुशीनगर : किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार में सड़क सुरक्षा माह के तहत छात्र-छात्राओं ने ली सुरक्षित यातायात की शपथ।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ सड़क सुरक्षा माह: किसान इंटर कॉलेज में एनएसएस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित!
∆ दुर्घटनाएं बनीं चुनौती: उप-प्रधानाचार्य ने मानव संसाधन क्षति पर जताई चिंता!
∆ शपथ ग्रहण: छात्र-छात्राओं को दिलाई गई सुरक्षित यातायात की शपथ!

∆ सांस्कृतिक प्रस्तुति : कक्षा 9-10 की छात्राओं ने गीत के माध्यम से फैलाया जागरुकता संदेश!
∆ नियमों पर जोर : हेलमेट, सीट बेल्ट व गति सीमा पालन की दी गई जानकारी!

पिपरा बाजार : क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सामान्य कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य डॉ.विष्णु प्रताप चौबे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर राष्ट्रीय समस्या बन चुकी हैं। प्रतिदिन होने वाली दुर्घटनाओं में लाखों लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं, जिससे देश के अमूल्य मानव संसाधन का निरंतर क्षय हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का दुष्प्रभाव केवल पीड़ित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार आजीवन गहरे मानसिक और सामाजिक दुख का सामना करता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि यातायात नियमों का पूर्ण पालन कर स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
एनएसएस समन्वयक कृष्ण कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा दोपहिया वाहन पर हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने एवं सड़क संकेतों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सड़क सुरक्षा गीत ने उपस्थित जन-समूह को भावनात्मक रूप से जागरूक किया और यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक शिवेंद्र कुमार चौबे, सतीश कुशवाहा, सुनील कुमार पांडेय, चंद्रभूषण पांडेय, संजय कुमार गौतम, ऋषिकेश तिवारी, योगेन्द्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा।