कुशीनगर : उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना में 27वीं जनपदीय स्काउट–गाइड रैली में दिखा अनुशासन, साहस और संस्कारों का संगम।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ उदित नारायण इंटर कॉलेज में 29 से 31 दिसंबर तक चल रही है स्काउट–गाइड की तीन दिवसीय रैली।
∆ साहसिक गतिविधियों, पायनियरिंग व सिग्नलिंग में दिखा स्काउट–गाइड का कौशल।

∆ यातायात व साइबर सुरक्षा को लेकर बच्चों को किया गया जागरूक।
∆ आज शिविर के दूसरे दिन कैंप फायर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, अतिथियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों व अनुशासन को सराहा।
पडरौना/कुशीनगर 30 दिसम्बर 2025
भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद कुशीनगर के तत्वावधान में आयोजित 27वीं जनपदीय स्काउट–गाइड रैली का रंगारंग आयोजन उदित नारायण इंटर कॉलेज, पडरौना में किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय रैली 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक चल रही है, जिसमें जिले भर से आए स्काउट–गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं।
रैली के दूसरे दिन स्काउट–गाइड द्वारा सिग्नलिंग, मीनार प्रदर्शन, पायनियरिंग एवं विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने अपने कौशल, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
पुलिस विभाग एवं यातायात विभाग के सहयोग से प्रतिभागियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल को बच्चों एवं शिक्षकों ने सराहा।
दूसरे सत्र में आयोजित कैंप फायर कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने अग्नि प्रज्वलित कर कैंप फायर का उद्घाटन किया।

अलाव के चारों ओर एकत्र बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और सामाजिक संदेश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि स्काउट–गाइड बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें अनुशासन, देशप्रेम और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाता है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष स्काउट अश्विनी पाण्डेय, जिला सचिव शैलेंद्र दत्त शुक्ल, प्रधानाचार्य मुकुल शुक्ला, डॉ.सुनीता पाण्डेय, जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका, आनंद मिश्रा, अखिलेश मिश्र, मनोरमा त्रिपाठी, रविंद्र नारायण पाण्डेय, अंजनी नंदन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रैली का संचालन जिला संगठन आयुक्त सतीश श्रीवास्तव एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त इजहारुल खान ने किया।