कुशीनगर : उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना में स्काउट–गाइड की 27वीं जनपदीय रैली का भव्य आगाज़, मार्चपास्ट व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मोह लिया मन!

0
image_editor_output_image1605351644-1767019248987.jpg
Spread the love

धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश

∆ उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना में तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट–गाइड रैली शुरू!

∆ सदर विधायक मनीष जायसवाल व रामकोला विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन!

∆ मार्चपास्ट, लोकगीतों व योग नृत्य से सजा स्काउट–गाइड रैली उद्घाटन समारोह!

∆ तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट–गाइड रैली में 67 विद्यालयों के स्काउट–गाइड प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा!

∆ विपरीत मौसम के बावजूद अनुशासन व प्रस्तुति की हुई सराहना!

कुशीनगर जनपद में भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित 27वीं जनपदीय स्काउट–गाइड रैली का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ आज उदित नारायण इंटर कॉलेज, पडरौना में हुआ। यह तीन दिवसीय रैली 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले भर के स्काउट–गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में सदर विधायक मनीष जायसवाल, रामकोला विधायक विनय गोंड तथा विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत जन-प्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा अनुशासित मार्चपास्ट की सलामी ली गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में वीणा वादिनी इंटर कॉलेज द्वारा सरस्वती वंदना, हनुमान इंटर कॉलेज द्वारा स्वागत गीत, रियल पैराडाइज एकेडमी के बच्चों द्वारा योग नृत्य, बुद्ध इंटर कॉलेज द्वारा राधा-कृष्ण की मनोहारी प्रस्तुति, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज हाटा द्वारा कजरी गीत तथा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कप्तानगंज द्वारा किसानी गीत प्रस्तुत किया गया। विविध रंगों में सजे इन कार्यक्रमों ने रैली को यादगार बना दिया।

स्वागत सत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.राम जियावन मौर्य ने उपस्थित विधायकगण को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में जन-प्रतिनिधियों ने प्रतिकूल मौसम होने के बावजूद भी स्काउट–गाइड प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस जनपदीय रैली में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 48 तथा बेसिक शिक्षा विभाग के 19 विद्यालयों सहित कुल 67 विद्यालयों के स्काउट–गाइड दल भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम को जिला आयुक्त स्काउट डॉ.राम जियावन मौर्य, प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष देवेंद्र मणि तथा जिला उपाध्यक्ष स्काउट अश्विनी पाण्डेय ने भी संबोधित किया।

समारोह में प्रधानाचार्य उमेश उपाध्याय, नागेश्वरपति त्रिपाठी, साधुशरण पांडेय, रमेश सिंह, जिला कमिश्नर गाइड मुकुल शुक्ला, जिला कमिश्नर आयुक्त बुलबुल डॉ.सुनीता पाण्डेय, गोविंद मिश्रा, प्रबंधक मनोज शर्मा सारस्वत, जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका, आनंद मिश्रा सहित अनेक प्रधानाचार्य एवं स्काउट–गाइड पदाधिकारी मौजूद रहे।

रैली का सफल संचालन जिला संगठन आयुक्त सतीश श्रीवास्तव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त इजहारुल खान तथा मज़ीबुल्लाह राही द्वारा किया गया। तीन दिनों तक चलने वाली यह रैली स्काउट–गाइड आंदोलन के मूल्यों—अनुशासन, सेवा और नेतृत्व—को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed