लखनऊ/मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल
डेस्क, आपकी आवाज़ न्यूज़, उत्तर प्रदेश
🟨 नगर विकास की कार्यप्रगति रिपोर्ट सौंपी, मुख्यमंत्री ने जताया संतोष।
🟢 मुख्यमंत्री योगी से मिले पडरौना नपाध्यक्ष विनय जायसवाल, नगर विकास पर हुई सार्थक चर्चा।
🔵 नगर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देख संतुष्ट हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
🟣 जलनिकासी, सीवरेज, रिवर फ्रंट और सड़क निर्माण की डीपीआर मुख्यमंत्री को सौंपी गई।
🟠 नगर के चौराहों के सुंदरीकरण व प्रकाश व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप।
🔴 मुख्यमंत्री ने शीघ्र धन आवंटन का दिया आश्वासन, योजनाएं होंगी जल्द शुरू।
🟢 पालिकाध्यक्ष के पुत्र सूर्यांश कान्हा से भी मुख्यमन्त्री ने की आत्मीय बातचीत।

लखनऊ/पडरौना। 01 नवम्बर 2025
नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान श्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री को नगर विकास कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट सौंपते हुए नगर में चल रही विकासपरक योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री से भेंट के बाद मीडिया से बातचीत में पालिकाध्यक्ष श्री जायसवाल ने बताया कि पूज्य महाराज जी ने नगर की विकास गति एवं कार्यप्रगति पर संतोष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने नगर के सर्वांगीण विकास हेतु राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पालिकाध्यक्ष ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को नगर के चहुंमुखी विकास के लिए तैयार की गई कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) प्रस्तुत की। इनमें प्रमुख रूप से —
शहर के जलभराव से निजात के लिए बड़े ड्रेनेज तंत्र का निर्माण,
नहर पटरी पर पाथवे और हरित पट्टी का विकास,
श्री बुढ़िया माता मंदिर परिसर के समीप रिवर फ्रंट निर्माण योजना,
संपूर्ण नगर में सीवरेज व्यवस्था का आधुनिकीकरण,
प्रकाश व्यवस्था एवं चौराहों का सौंदर्यीकरण,
पेयजल आपूर्ति की सुदृढ़ व्यवस्था,
तथा नगर परिषद के विस्तारित क्षेत्रों में शामिल ग्रामों में सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए कहा कि नगर विकास के इन कार्यों से न केवल पडरौना नगर का स्वरूप बदलेगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों को आधारभूत सुविधाओं की बेहतरीन उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने शीघ्र ही धन आवंटन की प्रक्रिया प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पालिकाध्यक्ष श्री जायसवाल के पुत्र सूर्यांश कान्हा जायसवाल से भी स्नेहपूर्वक बातचीत की और परिवार के अन्य सदस्यों के कुशल-क्षेम की जानकारी ली।
पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा धन आवंटन की स्वीकृति मिलते ही नगर की प्राथमिक जरूरतों से जुड़ी सभी योजनाओं पर कार्य शीघ्र प्रारम्भ करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधासंपन्न नगर प्रदान करना है। पडरौना नगर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए टीम नगरपालिका पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।”