पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को नमन, पुलिस लाइन कुशीनगर में आयोजित हुई भावपूर्ण परेड।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्युरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ कर्तव्यपथ पर अमर हुए वीरों को सलाम – पुलिस स्मृति दिवस पर गूँजी श्रद्धांजलि की गूंज!
∆ शौर्य, समर्पण और बलिदान का प्रतीक – कुशीनगर पुलिस ने झुककर किया शहीदों को नमन!
∆ जनसुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर सपूतों की याद में अश्रुपूरित श्रद्धांजलि!
∆ शहीदों की गाथा अमर रहे – कर्तव्य के लिए जीना और मरना ही सच्चा सम्मान है!
∆ दो मिनट का मौन, लेकिन भावनाओं का सैलाब — शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन!

कुशीनगर। 21 अक्टूबर 2025 –
“पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर आज कुशीनगर पुलिस लाइन परिसर में उन वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देकर अमर गाथा लिखी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार की अध्यक्षता में एक गरिमामय स्मृति परेड का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अदम्य साहस, निष्ठा और बलिदान को याद करते हुए कहा कि —
“शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया, जो हमें कर्तव्य, ईमानदारी और समर्पण का संदेश देता है।” उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और समाज की सेवा में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के साथ सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूरे परिसर में देशभक्ति और भावनाओं का वातावरण व्याप्त हो गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा यह संकल्प लिया कि शहीदों के बलिदान को कभी व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।
इस श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस विभाग के अलावा आम नागरिकों ने भी भाग लेकर शहीदों के प्रति अपने सम्मान और कृतज्ञता की भावना प्रकट की।