नगरपालिका पडरौना ने छठ महापर्व की तैयारियों को दी रफ्तार, अध्यक्ष विनय जायसवाल ने भिसवा लाला छठ घाट का किया निरीक्षण।
संवाददाता, धनंजय कुमार पाण्डेय, कुशीनगर
∆ छठ महापर्व की तैयारियों में जुटी नगरपालिका पडरौना, घाटों पर सफाई व सौंदर्यीकरण का कार्य तेज़ी पर।
∆ अध्यक्ष विनय जायसवाल ने किया भिसवा छठ घाट का निरीक्षण, दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश।
∆ छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा — पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था।
∆ सूर्य उपासना का पर्व बना स्वच्छता और एकता का संदेशवाहक — विनय जायसवाल
∆ नगरवासी सहयोग से मनाएँ स्वच्छ और संस्कारित छठ महापर्व — नगर पालिका की अपील।

पडरौना: आगामी लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनज़र नगर पालिका परिषद् पडरौना द्वारा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई, सजावट और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। नगर के विभिन्न छठ घाटों पर रंग-रोगन, वेदी निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
इसी क्रम में आज नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने सरकारी भिसवा छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
अध्यक्ष जायसवाल ने कहा कि छठ पूजा लोकआस्था का महान पर्व है, जो सूर्य उपासना के साथ-साथ सामाजिक एकता, स्वच्छता और संस्कारों का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा सभी घाटों पर विशेष साफ-सफाई, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की समुचित व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान केशव उपाध्याय, अमित राय, योगेश राय, चंदन राय, विपुल राय, बलराम राय, आलोक विश्वकर्मा, तेज प्रताप, मन्नू कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नगरपालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि स्वच्छता और सहयोग की भावना से इस पावन पर्व को मनाएं, जिससे नगर का नाम स्वच्छता और संस्कृति दोनों में अग्रणी बन सके।