कुशीनगर : किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस।
धनंजय कुमार पाण्डेय, व्यूरो चीफ, उत्तर प्रदेश
∆ एनएसएस स्वयंसेवकों व छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा शमां।
∆ सेवानिवृत्त शिक्षक राघव शरण मिश्रा ने बच्चों को संविधान व गणतंत्र के मूल्यों से कराया परिचित!
∆ देशभक्ति गीतों व नृत्य प्रस्तुतियों पर दर्शक हुए भावविभोर, तालियों से गूंजा विद्यालय प्रांगण!
∆ कक्षा 9 की छात्राओं ने पिरामिड बनाकर दिखाई अनुशासन व टीम भावना की मिसाल!
∆ मिष्ठान वितरण व शुभकामनाओं के साथ गरिमामय माहौल में हुआ कार्यक्रम का समापन!

किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार, कुशीनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के अंतर्गत 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
समारोह की शुरुआत प्रभातफेरी एवं ध्वजारोहण से हुई। इसके पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और बार-बार तालियों की गूंज से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान इंटर कॉलेज बलकुड़िया के सेवानिवृत्त अध्यापक श्री राघव शरण मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र के मूल उद्देश्य एवं भारतीय संविधान की प्रस्तावना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अश्विनी कुमार पांडेय ने 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वीर सेनानियों को नमन किया और छात्रों से सदैव देशभक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में “आयो रे शुभ दिन आयो रे”, “मां भवानी”, “बड़ा नीक लागे अपना देशवा के माटी” जैसे गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कक्षा 9 की छात्राओं द्वारा “जय हो” एवं “चक दे इंडिया” पर बनाए गए विशाल पिरामिड ने टीम भावना और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन किया। “होली खेले रघुवीरा” गीत पर बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में अनुष्का जायसवाल, साधना यादव, प्रीति सिंह, साहिना, दिशा मिश्रा, चांदनी, स्नेहा, रानी, रेखा, रिया शर्मा, चन्नू, अंजू, भाग्यश्री, प्रतिमा सहित कई छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। मंच संचालन के.के. मिश्र ने किया।
विद्यालय के प्रबंधक श्री शिवादत्त मिश्र ने सभी छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारी राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। कार्यक्रम में डॉक्टर विष्णु प्रताप चौबे, सुनील कुमार पांडेय, सतीश कुशवाहा, शिवेंद्र कुमार चौबे, चंद्रभूषण पांडेय, निमेष मिश्र, योगेन्द्र यादव, अरुंधति दुबे, रानी मिश्रा, सुग्रीव कुशवाहा, अशोक, सीमा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।